Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group
पंजाब/हरियाणाराज्य समाचार

अंबाला में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश, अस्पताल के दो स्टाफ गिरफ्तार

अंबाला.

कुरुक्षेत्र और अंबाला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपी मोहित और रोहित गिरफ्तार हुए हैं, जबकि खुराना अस्पताल की स्टाफ नर्स नैना फरार है। पकड़ा गया मोहित छावनी के गार्जियन अस्पताल में कर्मी है। इस तरह दो निजी अस्पतालों का स्टाफ मिलकर भ्रूण लिंग जांच करवा रहा था।

समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी थी। शहर थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।
पकड़े गए आरोपी मोहित से 39 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जोकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिला को आरोपितों को देने के लिए दिए थे। आरोपित रोहित नैना और मोहित के कहने पर शहर के मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र में महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण के लिंग की जांच करवाने गया था।

कुरुक्षेत्र टीम को मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि अंबाला में भ्रूण लिंग जांच हो रही है। सूचना पर कुरुक्षेत्र सीएमओ के आदेशों पर पीएनडीटी टीम एक गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच करवाने के लिए तैयार किया। महिला ने नैना से संपर्क साधा। नैना और मोहित ने 75 हजार रुपये में सौदा तय किया। कुरुक्षेत्र टीम से नोडल अधिकारी डॉ. गौरव व राजीव और मनोज अपनी गाड़ी में कुरुक्षेत्र से वीरवार सुबह 10 बजे अंबाला के लिए रवाना हुए। अंबाला पहुंचने पर कुरुक्षेत्र टीम ने अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी। अंबाला से पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कंडारा और डाक्टर ऋषिपाल ने टीम का साथ दिया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।

गीता गोपाल चौक पर मिले आरोपी
डिकाय महिला को अंबाला छावनी के गीता गोपाल चौक पर बुलाया गया। यहां से आरोपित उसे अंबाला शहर के जगाधरी गेट पर ले गए। जहां रोहित की ड्यूटी लगाई गई गर्भ में पल रहे भ्रूण की लिंग जांच के लिए अल्ट्रासाउंड करवाने की। रोहित महिला को मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र पर ले गया। वहां महिला का अल्ट्रासाउंड करवाया गया। यहां से निकलते हुए टीम ने रोहित को पकड़ लिया। इसके बाद मोहित को रोहित के जरिए पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र की जांच की तो महिला का अल्ट्रासाउंड नियमानुसार होना पाया गया। सभी दस्तावेज भी संलग्न किए गए थे। इसीलिए अल्ट्रासाउंड केंद्र पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस में केस दर्ज करवाया है –
कुरुक्षेत्र और अंबाला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को पीएनडीटी एक्ट के तहत गिरफ्तार करवाया गया है। आरोपी मोहित गार्जियन अस्पताल में काम करता है जबकि फरार नैना खुराना नर्सिंग होम में स्टाफ नर्स है। आरोपित रोहित की ड्यूटी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आरोपितों ने लगाई थी। मोहित से 39 हजार रुपये कैश बरामद किए गए हैं। शहर थाना पुलिस में केस दर्ज करवा दिया गया है।
– डॉ. मुकेश कंडारा, पीएनडीटी नोडल अधिकारी, अंबाला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button